crime
कौशांबी में विवाहिता की मौत:मायके वालों ने ससुरालियों पर इलाज न कराने का आरोप लगाया; मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगी
कौशांबी के मंझनपुर स्थित ओसा रोड के एक निजी अस्पताल में रविवार सुबह करीब 11 बजे इलाज के दौरान 25 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर समुचित इलाज न कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। तीन साल पहले हुई थी शादी मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के गौसपुर टिकरी निवासी रामसृष्टि के मुताबिक, उन्होंने तीन साल पहले बेटी गिरजा देवी की शादी महेवाघाट थाना क्षेत्र के टिकरा गांव निवासी अनीस कुमार उर्फ सुंदर से की थी। दंपती की एक साल की बेटी नित्या है। रामसृष्टि का आरोप है कि गिरजा काफी दिनों से बीमार थी, लेकिन ससुरालीजन उसका समुचित इलाज नहीं करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर उसे मंझनपुर के ओसा रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां रविवार सुबह करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने बताई अलग वजह वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि गिरजा को 24 अक्टूबर से बुखार था। जिला अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद उसे पहले समदा रोड और फिर ओसा रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद दोनों पक्षों में विवाद शाम करीब 5:30 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो मायके और ससुराल पक्ष के लोग आपस में भिड़ने लगे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाया। मायके पक्ष के लोगों ने कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद किसी तरह शव का अंतिम संस्कार कराया गया।
Read full article on Bhaskar