crime
संभल में करंट लगने से युवक की मौत:टीवी का प्लग लगाते समय हादसा, सालभर पहले की थी दूसरी शादी
संभल के पंवारी गांव में रविवार शाम टीवी का प्लग लगाते समय करंट लगने से अखिलेश गिरी (30) की मौत हो गई। अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में उनकी हालत बिगड़ी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना शाम 4 बजे की है। अखिलेश, राम गिरी के बेटे थे। वे खेती करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक, तीन साल पहले प्रसव के दौरान उनकी पहली पत्नी ज्योति की मौत हो गई थी। उनसे एक बेटी है। बेटी की परवरिश के लिए अखिलेश ने सालभर पहले अर्चना से दूसरी शादी की थी। रविवार को खेत से लौटने के बाद अखिलेश ने खाना खाया और टीवी देखने के लिए प्लग लगाया। वे नंगे पैर थे। तार में शॉर्ट सर्किट होने से उन्हें करंट लगा और वे झुलसकर जमीन पर गिर गए। शोर सुनकर पत्नी अर्चना और दूसरे परिजन वहां पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से परिजन उन्हें पहले निजी अस्पताल ले गए। वहां से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज की कोशिश की, लेकिन हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ ले जाने की सलाह दी। अलीगढ़ से 15 किलोमीटर पहले उनकी मौत हो गई। यह घटना संभल जिले की गुन्नौर तहसील के बबराला थाना क्षेत्र के पंवारी गांव की है। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। शाम 6:30 बजे तक शव घर नहीं पहुंचा था। थाना प्रभारी लवनीश कुमार ने बताया कि जांच के लिए पुलिस को भेजा गया है। परिजनों की शिकायत पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar