top
सहारनपुर के ज्ञानागढ़ में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण:जयराम गौतम ने किया उद्घाटन, 15 नवंबर को 12 कन्याओं के सामूहिक विवाह का निमंत्रण दिया
सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ज्ञानागढ़ में मंगलवार शाम चार बजे बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का उद्घाटन किया गया। भारतीय शिक्षा चैरिटेबल ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक जयराम गौतम ने फीता काटकर प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बाबा साहब को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और बाबा साहब के विचारों को याद किया। जयराम गौतम ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने समाज को समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का काम कर रहे हैं। समाज में शिक्षा को बढ़ावा देना और आपसी भाईचारे को मजबूत करना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही लोगों में जागरूकता लाई जा सकती है और समाज को प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने, उनके विचारों को अपनाने और नई पीढ़ी को उनके संघर्षों एवं योगदान से परिचित कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में एकता और समानता की भावना मजबूत होने से ही सकारात्मक बदलाव संभव है। कार्यक्रम के दौरान जयराम गौतम ने ग्रामीणों को 15 नवंबर को जनता रोड पर आयोजित होने वाले 12 कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि भारतीय शिक्षा चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से पहले भी गरीब परिवारों की कन्याओं के विवाह कराए जा चुके हैं। इसी कड़ी में इस वर्ष भी 12 कन्याओं का विवाह कराया जाएगा। जयराम गौतम ने ग्रामीणों से परिवार सहित समारोह में पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समारोह में आने वाले लोगों को लिफाफा या किसी प्रकार का आर्थिक सहयोग देने की जरूरत नहीं है। सभी लोग केवल वर-वधू को आशीर्वाद देने और सहभोज में शामिल होने के लिए पहुंचें।
Read full article on Bhaskar