crime
यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:आजम से ED ने 50 सवाल पूछे, जेल भेजा; विधायक ने उड़ाए 500-500 के नोट; सपा नेता बोले- शादी के श्लोक गाली हैं
नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर आजम खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर दिल्ली रैली में अखिलेश यादव के अमित शाह पर पलटवार से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें... 1- आजम को 14 दिन की न्यायिक हिरासत; डिप्टी सीएम बोले- मुसलमान नहीं भ्रष्टाचार की सजा आजम खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। गाजियाबाद की PMLA कोर्ट के आदेश के बाद उनको सीधे डासना जेल ले जाया गया। ईडी ने शनिवार शाम रामपुर जेल से रिहाई के तुरंत बाद गिरफ्तार किया था। कोर्ट पहुंचने पर उन्होंने मीडिया से कहा- अब क्या रह गया है बोलने को। ईडी ने जौहर विश्वविद्यालय में सरकारी धन के दुरुपयोग को लेकर उनसे करीब 50 सवाल भी किए। पूरी खबर पढ़ें 2- अखिलेश का शाह पर पलटवार, बोले- जमीन ही नहीं बची तो अंगद पांव कहां रखोगे दिल्ली के रामलीला मैदान में अखिलेश यादव ने कहा कि यह मैदान आज लोकतंत्र की हल्दीघाटी बन गया है। अमित शाह के 'अंगद का पैर' वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा- जब जमीन ही नहीं बची तो अंगद का पैर कहां रखोगे? इसके पहले गठबंधन के सभी नेता एक खुली बस में सवार हुए। राहुल आगे बैठे जबकि अन्य नेता पिछली सीट पर बैठे दिखे। पूरी खबर पढ़ें 3- वकील का अपहरण, हत्या करके लाश कानपुर में फेंकी, बार के 4 बार अध्यक्ष रहे जालौन में कालपी बार संघ अध्यक्ष गयादीन अहिरवार (70) की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। शनिवार रात बदमाशों ने उन्हें कानपुर-झांसी हाईवे से अगवा किया था। रविवार सुबह कानपुर के सचेंडी में उनका शव मिला। उन्हें केस की फाइल पर बात करने के बहाने फोन कर बुलाया गया था। एसपी सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि शुरुआती जांच में जमीन विवाद की बात सामने आई है। पूरी खबर पढ़ें 4- जौनपुर के पूर्व DM ने भाजपा से मांगा टिकट, CM योगी से लखनऊ में की मुलाकात पूर्व IAS अफसर और जौनपुर के पूर्व DM दिनेश चंद्र सिंह ने सीएम योगी से मिलकर भाजपा से विधानसभा टिकट मांगा है। उन्होंने बिजनौर की धामपुर सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। 2012 बैच के IAS दिनेश 30 जून 2026 को रिटायर हुए थे। इधर, मंत्री राजभर ने दिल्ली में विपक्ष की रैली को लेकर अखिलेश पर तंज कसा- मुलायम की परंपरा भूलकर कांग्रेस के लिए दरी बिछाने दिल्ली पहुंच गए। पूरी खबर पढ़ें 5- योगी बोले- सपा ने गुंडे पाले, भाजपा ने नौकरियां दी; नेहरू क्रांतिकारियों को बचाने नहीं आए गोरखपुर में सीएम योगी ने कहा- सपा की 4 बार की सरकारों में 10 लाख गुंडे पाले गए, जबकि भाजपा ने 10 साल में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी। हमने इन गुंडों को मिट्टी में मिला दिया। चौरीचौरा कांड का जिक्र कर नेहरू पर क्रांतिकारियों की पैरवी नहीं करने का आरोप लगाया। कहा- मदन मोहन मालवीय की पैरवी से 151 क्रांतिकारी फांसी से बच सके। कांग्रेस ने घबराकर आंदोलन स्थगित किया था। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें... 6- अमरोहा में दूल्हे को धमकी- ‘बारात लाए तो गोली मार दूंगा, वो मेरी दुल्हन बनेगी’ अमरोहा में शादी से कुछ घंटे पहले दूल्हे ने बारात लाने से इनकार कर दिया। दूल्हे को कॉल कर प्रेमी बोला-‘बारात लाए तो गोली मार दूंगा, वो मेरी दुल्हन बनेगी। ’ इसके बाद दोनों पक्षों के बीच थाने में 4 घंटे पंचायत हुई, लेकिन दूल्हा नहीं माना। रात 12 बजे बारात वापस लौट गई। पुलिस ने फोन करने वाले अरशद मलिक (28) को हिरासत में लिया है। वह दुल्हन के घर से 500 मीटर दूर रहता है। पूरी खबर पढ़ें 7- जम्मू-कश्मीर सीएम उमर अब्दुल्ला-पत्रकार निधि की शादी पर सवाल, मौलाना बोले- जायज नहीं मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला और पत्रकार निधि राजदान की शादी पर सवाल उठाए हैं। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह शादी इस्लामी शरीयत के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि उमर मुस्लिम हैं, जबकि निधि गैर-मुस्लिम हैं। निधि के इस्लाम कबूल करने के बाद ही यह निकाह शरीयत के अनुसार जायज होता। पूरी खबर पढ़ें 8- लंदन में वकालत छोड़ लड़की जैन साध्वी बनेगी, अपनों से रिश्ते-नाते तोड़े, लग्जरी छोड़ी सहारनपुर की दो युवतियां अपना शानदार करियर छोड़कर जैन साध्वी बनने जा रहीं। प्रखर दीदी ने लंदन में वकालत की और जज बनने का मौका भी छोड़ दिया। वहीं, रंगोली दीदी कोलकाता में 10 साल तक CA रहीं। दोनों के संयम संकल्प पर शनिवार को बैंड-बाजों के साथ बिनौली यात्रा निकाली गई। अब 22 नवंबर को मध्यप्रदेश के सोनागिरि तीर्थ में दोनों की श्रमणी आर्यिका दीक्षा होगी। पूरी खबर पढ़ें 9- PET परीक्षा में लड़कियों के बाल खुलवाए, कलावा काटा, हादसे में लिपिक की मौत PET परीक्षा देने जा रहे अंबेडकरनगर के बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात लिपिक की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह बुलेट से रायबरेली जा रहे थे। उधर, प्रदेश में परीक्षा के आखिरी दिन 60 जिलों के 1,372 केंद्रों पर परीक्षा हुई। हाथरस में लड़कियों के बाल खुलवाकर चेकिंग की गई, जबकि कैंची से कलावा काटा गया। कानपुर में लड़कों के जूते-मोजे उतरवाकर तलाशी ली गई। पूरी खबर पढ़ें 10- वाराणसी में JDU के बाहुबली विधायक ने उड़ाए 500-500 के नोट, निशांत कुमार भी थे वाराणसी पहुंचे JDU के बाहुबली विधायक अमरेंद्र पांडेय ने कार्यकर्ता सम्मेलन में जमकर 500-500 के नोट उड़ाए। दरअसल, सम्मेलन के दौरान मंच पर जादूगर अपने करतब दिखाने लगा। इस पर विधायक पहुंचे और 500-500 रुपए के नोट उड़ाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते मंच पर नोटों की बारिश होने लगी। मंच पर पूर्व सीएम नीतिश कुमार के बेटे मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद थे। पूरी खबर पढ़ें 11- अंबेडकरनगर में रिटायर्ड दरोगा ने सुसाइड किया, 3 साल पहले हुए थे रिटायर अंबेडकरनगर में रिटायर्ड दरोगा ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। वह सोमवार सुबह घर टहलने निकले थे। रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन के सामने कूद गए। तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से उनका शव कई टुकड़ों में कट गया। ट्रैक पर टुकड़े बिखर गए। पुलिस ने शवों के टुकड़ों को पॉलीथीन में रखकर पोस्टमॉर्टम को भेजवाया। पुलिस ने घरेलू विवाद के चलते आत्महत्या की आशंका जताई है। पूरी खबर पढ़ें 12- मिर्जापुर में सपा नेता बोले- शादी के श्लोक गाली हैं, तेरहवीं में ब्राह्मणों को नहीं बुलाया मिर्जापुर में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव एक वीडियो में कह रहे- शादी में जितने श्लोक बोले जाते हैं, वे एक तरह से गाली हैं। बनारस के सपा जिलाध्यक्ष लक्कड़ पहलवान ने तेरहवीं में किसी ब्राह्मण को नहीं बुलाया था। अखिलेश ने इसका समर्थन किया था। हालांकि, भास्कर रिपोर्टर से उन्होंने वीडियो को 15-20 साल पुराना और एडिटेड बताया। कहा- मैं ब्राह्मणों का सम्मान करता हूं। पूरी खबर पढ़ें 13- पीलीभीत में वोटर लिस्ट गड़बड़ी में 2 एसडीएम निलंबित, आयोग की कार्रवाई पीलीभीत में मतदाता सूची में गड़बड़ी के मामले में चुनाव आयोग ने दो एसडीएम को निलंबित कर दिए हैं। पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र के तत्कालीन ईआरओ मयंक गोस्वामी और हेमंत चौधरी अब आयोग की अनुमति के बिना बहाल नहीं होंगे। शुक्रवार को दोनों का ट्रांसफर कर लखनऊ में नई पोस्टिंग दी गई थी। हालांकि, शनिवार को उनकी नई तैनाती को रद्द करते हुए प्रतीक्षारत कर दिया गया था। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है... 14- कुएं का पानी अचानक हुआ सफेद, चमत्कारी दूध समझ लोग पीने लगे बाराबंकी में 100 साल पुराने कुएं का पानी अचानक दूधिया सफेद हो गया। गांव में खबर फैली तो बड़ी संख्या में लोग जुट गए। कुछ लोग इसे माता रानी का चमत्कार मानकर पीने लगे। देखते ही देखते पानी पीने की होड़ मच गई। जल निगम ने कुएं में जहरीली गैस बनने की आशंका जताई है। हालांकि, अभी पानी का सैंपल नहीं लिया गया है। पुलिस ने कुएं को घेरकर पानी के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास... 15- सहारनपुर में आकाश आनंद की रैली 2 नवंबर को बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद सहारनपुर के नकुड़ में रैली और जनसभा करेंगे। इस दौरान वो पार्टी कैंडिडेट के नाम का भी ऐलान करेंगे। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात...
Read full article on Bhaskar